काशीपुर। नगर निगम काशीपुर में निशुल्क कम्पोस्ट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को गीले कचरे से कम्पोस्ट बनाने और उसके उपयोग के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम काशीपुर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना चाहता है।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग करने की जानकारी दी गई। जिससे वे अपने घरों में ही कचरे को सही तरीके से प्रबंधित कर सकें। इसके साथ ही घर पर ही सरल तरीके से कम्पोस्ट बनाने की विधि भी समझाई गई, ताकि लोग अपने गीले कचरे को कम्पोस्ट में बदलकर उसका उपयोग अपने बगीचे और पौधों के लिए कर सकें। कार्यक्रम के दौरान तैयार कम्पोस्ट का वितरण भी किया गया। जिससे नागरिकों को कम्पोस्ट के उपयोग के लाभों का प्रत्यक्ष अनुभव हो सके। कम्पोस्ट के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, पौधों की अच्छी वृद्धि होती है और कचरा लैंडफिल में जाने से कम होता है, जिससे पर्यावरण को भी लाभ पहुंचता है। नगर निगम काशीपुर की यह पहल शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में विनोद लाल शाह सहायक नगर आयुक्त, शालिनी नेगी सहायक नगर आयुक्त, मनोज बिष्ट सफाई निरीक्षक, पार्षदगण एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शामिल रहीं।

संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641
