काशीपुर। लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर और केवीआर हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 95 लोगों ने जांच कराई।
गुरुवार को शिविर का शुभारंभ एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ प्रशांत कुमार और निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने फीता काटकर किया। शिविर में फिजिशियन परामर्श, आंखों की जांच, बीएमडी टेस्ट, ईएनटी एंडोस्कोपी, ईसीजी, शुगर और एलएफटी/केएफटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। एएसपी एसके सिंह ने लायंस क्लब की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि व्यस्त और तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच पुलिसकर्मियों के लिए ऐसे शिविर अत्यंत लाभकारी हैं। क्लब द्वारा पुलिस अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा ने बताया कि भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य जारी रहेंगे। यहां डॉ. तरुण सोलंकी, अनुराग सोलंकी, विवेक पैगिया आदि मौजूद रहे।


संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641
