काशीपुर। तहबाजारी शुल्क वसूली के दौरान लोगों से बदसलूकी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर दीपक बाली ने ठेका निरस्त कर दिया है। अब नगर निगम अपने कर्मचारियों के माध्यम से तहबाजारी शुल्क वसूलेगा। महापौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा करते हुए व्यापारियों और आम जनता से नई व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुल्क की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है और पूर्व निर्धारित दरें ही लागू रहेंगी।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा और कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ की मौजूदगी में महापौर ने कहा कि तहबाजारी वसूली के लिए अब नए ठेके की जरूरत नहीं होगी। शुल्क की दरों और स्लैब को सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि लोगों को निर्धारित शुल्क की स्पष्ट जानकारी मिल सके। वसूली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम के किसी कर्मचारी के दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।
महापौर ने अन्य ठेकों और निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायतों पर भी जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। विज्ञापन ठेके की शर्तों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है।शहर की सफाई व्यवस्था पर महापौर ने कहा कि इसे बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। सफाई निरीक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने चार एसआई उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई संबंधी शर्तों के उल्लंघन या जनता को परेशानी होने पर संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक बाजारों के कारण अलीगंज रोड और शुगर फैक्ट्री रोड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। पत्रकारों ने दुकानों के सड़क तक फैलने, रात में डंपरों की आवाजाही और प्रकाश व्यवस्था की कमी की ओर ध्यान दिलाया। महापौर ने कहा कि इन समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और प्रकाश व्यवस्था में सुधार के प्रयास होंगे।
आरएफआईडी से होगी कूड़ा उठान की निगरानी
महापौर ने बताया कि नगर निगम परिसर में कंट्रोल रूम का निर्माण काफी हद तक पूरा हो चुका है। अगले चरण में घरों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आरएफआईडी टैग लगाए जाएंगे। इसके जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी होगी कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी निर्धारित स्थान और समय पर पहुंची या नहीं।
इस प्रणाली से कूड़ा संग्रहण में जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायतों का निस्तारण आसान होगा। वाहनों के निर्धारित मार्गों की निगरानी से समय और ईंधन की बचत की भी उम्मीद है। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और खाली भूखंडों पर कचरा फेंकने की घटनाओं पर नजर रखने में भी कंट्रोल रूम मददगार होगा। महापौर ने लोगों से टैग लगाने के लिए आने वाली नामित संस्था और नगर निगम की टीम को सहयोग देने की अपील की।
महापौर ने बताया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अगले चरण में विभिन्न स्थानों पर करीब 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की तैयारी है। पहले चरण के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। यह व्यवस्था कंट्रोल रूम और अन्य निगरानी तकनीकों से जुड़ी होगी।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से शहर की निगरानी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। खास तौर पर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है। महापौर ने उम्मीद जताई कि नई तकनीक से शहर की सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641


