काशीपुर।उत्तराखंड क्रांति दल ने प्रदेश की 16 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने काशीपुर विधानसभा सीट से प्रदीप चंद को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। टिकट मिलने के बाद उत्साहित प्रदीप चंद ने पार्टी हाईकमान और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए काशीपुर के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भाजपा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से काशीपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद प्रदीप चंद ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। प्रदीप चंद ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से काशीपुर की समस्याओं को लेकर सक्रिय हैं और जनता के बीच रहकर लगातार काम कर रहे हैं।

प्रदीप चंद ने काशीपुर की प्रमुख समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि शहर की सड़कों, नेशनल हाईवे, फ्लाईओवर, रोडवेज बस अड्डे, गिरीताल और द्रोणासागर की स्थिति में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भी वह आवाज उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि काशीपुर में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज और विश्वविद्यालय की स्थापना जरूरी है, ताकि स्थानीय छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।



संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641


