काशीपुर। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फल एवं सब्ज़ियों के थोक तथा फुटकर मूल्य संकलन हेतु सचल दल गठित करने का निर्देश दिया गया। आदेश के अनुपालन में मंडी समिति, काशीपुर द्वारा दो सचल दल गठित किए गए हैं, जो मंडी परिसर में थोक भाव तथा नगर के विभिन्न स्थलों पर फुटकर भाव का संकलन कर रहे हैं। अध्यक्ष द्वारा थोक एवं फुटकर मूल्य में अत्यधिक अंतर पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि मूल्य अंतर अनुचित रूप से अधिक पाया जाता है तो मंडी नियमावली के अंतर्गत संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त, विपणन बोर्ड द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि मंडी परिसर में एक नियंत्रित खुदरा मूल्य की दुकान स्थापित की जाए, जिससे आमजन को उचित दर पर फल एवं सब्ज़ियाँ उपलब्ध हो सकें तथा अन्य व्यापारी भी नियंत्रित मूल्य पर कारोबार करने के लिए प्रेरित हों। प्रभारी सचिव मंडी समिति योगेश तिवारी ने सभी लाइसेंसधारी व्यापारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रतिदिन अपनी दुकानों पर बिक्री हेतु उपलब्ध फल एवं सब्ज़ियों के थोक मूल्य की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इससे मंडी परिसर में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा, किसानों एवं व्यापारियों को मूल्य संबंधी स्पष्ट जानकारी प्राप्त होगी तथा किसानों को प्रतिस्पर्धी दरों का लाभ मिल सकेगा। प्रभारी सचिव द्वारा आज मंडी क्षेत्र काशीपुर में विभिन्न स्थानों पर सचल दल के साथ स्वयं जाकर बाज़ार भाव की जानकारी ली तथा व्यापारियों को थोक मूल्य के मुकाबले अत्यधिक फुटकर मूल्य पर ना बेचने के निर्देश दिए गए तथा मंडी क्षेत्र में निर्दिष्ट कृषि उत्पादों के फुटकर व्यापारियों के लिए फुटकर लाइसेंस बनाने की जानकारी दी गई तथा लाइसेंस फार्म भी दिए गए।

संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641
