काशीपुर l गढ़ीनेगी नगर पंचायत के गठन के बाद पहली बार हो रहे चुनाव को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। युवाओं से लेकर बुजुर्ग भी मतदान को लेकर लालायित रहे। मतदान के लिए तीन केंद्र बनाए गए थे। एक प्राथमिक स्कूल, कन्या जूनियर और राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन भदौरिया ने पुलिस अधीक्षक स्वपन किशोर सिंह, निर्वाचन अधिकारी एसडीएम अभय प्रताप सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार पंकज चंदोला के साथ सभी बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। हालांकि इस दौरान कोई हंगामा नहीं हुआ। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहे। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने टेंट की व्यवस्था की थी। नगर पंचायत गढ़ी नेगी के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चार लोगों में मुकाबला है। जबकि सात वार्डों में चालीस लोगों के बीच मुकाबला है। वार्ड मेंबरों के मतदान के लिए सफेद जबकि अध्यक्ष के लिए लिए गुलाबी रंग के मत पत्र की व्यवस्था थी। सहायक निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि शाम पांच बजे तक 86 प्रतिशत वोट डाले गए। कुल 4671 वोटरों में से 4023 मतदाताओं ने वोट डाले। सबसे अधिक वोट वार्ड नंबर तीन में 91.2 प्रतिशत वोट डले। जबकि सबसे कम वार्ड नंबर दो में 78.64 प्रतिशत वोट डाले गए।
देर शाम मत पेटियों को प्रत्याशियों के सामने सील बंद कर काशीपुर मंडी समिति परिसर में बनाए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाया गया है। 11 जून की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। उसी दिन शाम तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।


संपादक – उदय भास्कर न्यूज़
संपर्क – +91 99170 92641


